Random-Post

14 दिसम्बर से होगी प्री-बोर्ड की परीक्षा

प्री-बोर्ड की परीक्षा 14 दिसम्बर से होगी। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के आदेश के बाद स्कूल स्तर पर परीक्षा लेने के लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। डीईओ एसएन कंठ ने इस संबंध में सभी स्कूलों के प्राचार्य को निर्देश जारी किया है। डीईओ कार्यालय में 24 दिसम्बर तक रिजल्ट जमा कर देना है। बोर्ड के पास यह रिजल्ट 27 दिसम्बर तक भेजना है। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के अनुसार बनेगा रिजल्ट:

डीईओ एसएन कंठ ने बताया कि सभी स्कूल प्रभारी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सूची वेबसाइट से लेकर उसके अनुसार ही रिजल्ट बनाएंगे। इस सूची में छात्र-छात्राओं के क्रम के अनुसार रिजल्ट भरा जाएगा। पास और फेल दोनों की सूची जमा करनी है। डीईओ ने कहा कि 24 दिसम्बर के बाद किसी भी स्कूल का रिजल्ट नहीं लिया जाएगा। रिजल्ट नहीं जमा करने वाले छात्रों का एडमिट कार्ड नहीं आएगा। इसकी सारी जवाबदेही स्कूल प्रभारी की होगी।
छह दिनों तक चलेगी परीक्षा:
मुखर्जी सेमिनरी स्कूल की प्राचार्य डॉ. ईला सिन्हा ने बताया कि प्री-बोर्ड परीक्षा के लिए बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ की ओर से प्रश्न पत्र छपवाया गया है। यह परीक्षा छह दिनों तक चलेगी। हर दिन एक विषय की परीक्षा होगी। इसमें 80 अंक वाले विषयों की परीक्षा ढाई घंटे की होगी। 100 अंक वाले विषयों के लिए तीन घंटे का समय होगा। चार विषय 80-80 अंक वाले हैं। दो विषय 100-100 अंक वाले। साइंस और सोशल साइंस में 20-20 अंकों का प्रैक्टिकल होगा। वहीं अंग्रेजी, संस्कृत, हिन्दी और गणित में 100 अंकों के प्रश्न पूछे जाएंगे। स्कूल अपनी सुविधा के अनुसार प्रैक्टिकल लेंगे।

Recent Articles