बिहार के बच्चों को इस साल भी टीवी के माध्यम से पढ़ाई कराई जाएगी। बिहार शिक्षा परियोजना परिषद (BEP) ने ‘मेरा दूरदर्शन मेरा विद्यालय’ कार्यक्रम की तैयारी कर ली है। 10 मई से दूरदर्शन के डीडी बिहार चैनल पर 9वीं, मैट्रिक और इंटर के छात्र-छात्राओं के लिए क्लास की शुरुआत होगी। हर क्लास 16 से 17 मिनट की होगी और एक घंटे में अलग-अलग सब्जेक्ट्स की ऐसी तीन क्लास होंगी। इन तीन सब्जेक्ट्स के बीच विद्यार्थियों को कोरोना काल में स्वस्थ रहने का मंत्र भी मिलेगा।
इस बार राज्य के 8 हजार हाई स्कूलों के लगभग 36 लाख बच्चों को लाभ देने का लक्ष्य रखा गया है। कक्षाओं के लिए डिजिटल पाठ्यक्रम तैयार करने में तकनीकी सहयोग यूनिसेफ ने दिया है। हाई स्कूल के शिक्षकों की मदद से विषय विशेषज्ञों ने इन कक्षाओं के लिए ई-कंटेंट तैयार किया है। किस दिन किस विषय की पढ़ाई होगी, यह प्रसारण के एक दिन पहले बताया जाएगा।
| डिश - चैनल नंबर | केबल - चैनल नंबर |
| टाटा स्काई - 1144 | जीटीपीएल - 38 |
| डिशटीवी - 1565 | डेन - 142 |
| वीडियोकॉन - 864 | सिटी केबल - 20 |
| फ्री डिश - 29 | बिगटीवी - 391 |
| सन - 646 | दर्श - 185 |
| एयरटेल - 669 | हाथवे - 682 |
मैट्रिक और इंटर के बच्चों के सवालों का जवाब एप पर
9वीं से इंटर तक के बच्चे टीवी पर भले सवाल नहीं पूछ सकते, लेकिन 'उन्नयन बिहार एप' पर इसकी व्यवस्था है। इस एप से शिक्षक और आईआईटी के स्टूडेंट भी जुड़े हैं, जो बच्चों के प्रश्न का उत्तर देंगे। इस एप को एंड्रायड 4.0 और इससे ऊपर के वर्जन वाले मोबाइल में डाउनलोड किया जा सकता है। इस पर एनिमेटेड विडियो के साथ टेस्ट की भी सुविधा है। प्ले स्टोर पर Unnayan App सर्च कर सकते हैं या इस लिंक पर क्लिक कर डाउनलोड कर सकते हैं।
बच्चों को प्रसारण दिखाएं अभिभावक
BEP के राज्य परियोजना निदेशक संजय सिंह ने प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों व अभिभावकों से बच्चों को प्रसारण देखना सुनिश्चित कराने के लिए कहा है। पिछले साल 1 से 5 तक की पढ़ाई 1 जून से शुरू हुई थी और 4 मई से छठी से 8वीं तक की कक्षाएं।