Advertisement

लाठी चार्ज पर उबले शिक्षक, फूंका सीएम का पुतला : शिक्षक नियोजन News Bihar

जेएनएन, चांदन, कटोरिया / रजौन / शंभूगंज / अमरपुर (बाका) : वेतनमान की मांग को लेकर पटना में चल रहे शिक्षक आन्दोलन पर लाठी चार्ज के खिलाफ शिक्षकों ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। इसके खिलाफ मंगलवार को कई प्रखंड मुख्यालय में शिक्षकों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और शिक्षा मंत्री पीके शाही का पुतला दहन किया। कई प्रखंड में शिक्षकों ने दोनों नेता की अर्थी निकाल कर उसका दाह संस्कार किया।
बिहार पंचायत प्रखंड नगर प्रारंभिक शिक्षक संघ के बैनर तले यह आंदोलन चलाया गया। पटना पर आमरण अनशन पर बैठे जिलाध्यक्ष संजय कुमार, महासचिव हीरालाल प्रकाश यादव, पंकज कुमार, प्रमोद कुमार आदि ने कहा कि आंदोलन को सफल बनाने के लिए शिक्षकों को विद्यालय छोड़ पटना पहुंचने की जरूरत है। यह उनके लिए करो या मरो का वक्त है। इसलिए अधिकांश शिक्षक पटना पहुंच शिक्षकों की चट्टानी एकता को प्रदर्शित कर सरकार को वेतनमान के लिए मजबूर करें। कटोरिया: प्रखंड कार्यालय परिसर में नियोजित शिक्षकों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला दहन किया। इस दौरान सभी शिक्षकों ने नीतीश कुमार हाय-हाय, पीके शाही होश में आओ, मुख्यमंत्री मुर्दाबाद के नारे लगाए। इसके पहले शिक्षकों ने बाजार में जुलूस भी निकाला। इस मौके पर अध्यक्ष सर्वजीत कुमार,दिलीप कुमार, राजेश कुमार, महताब आलम, चंदन सिंह, ममता कुमारी, हरेन्द्र दास, अनिता कुमारी, नूतन कुमारी, सोनम कुमारी, पिंकी कुमारी, मधुमाला कुमारी, रंजना कुमारी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल हुए।

रजौन: प्रखंड मुख्यालय में नियोजित शिक्षकों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व शिक्षा मंत्री पीके शाही का पुतला जलाया। जिसमें अध्यक्ष जयशकर कुमार, रामविलास सिंह, सुभाष चंद्र सिन्हा, संजय रजक, श्याम सुन्दर ठाकुर, बजरंगी दास आदि के नेतृत्व में सीएम व शिक्षा मंत्री हाय-हाय, मुर्दाबाद आदि नारे लगा रहे थे। नियोजित शिक्षकों ने कहा कि जबतक वेतनमान की घोषणा नहीं होगी तब आंदोलन जारी रहेगा।

शंभूगंज: प्रखंड मुख्यालय गेट पर मंगलवार को नियोजित शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री पी के शाही का पुतला फूंका। तमाम शिक्षक बीआरसी भवन से गोलबंद होकर नीतीश सरकार मुर्दाबाद का नारा लगाते हुए प्रखंड मुख्यालय पहुंचे। शिक्षकों ने बताया कि यदि माग पूरी नही की जाएगी तो आन्दोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।

अमरपुर: प्रखंड मुख्यालय परिसर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला दहन किया। आक्रोशित शिक्षकों ने सरकार विरोधी नारे लगाये। संघ की ओर से सभी नियोजित शिक्षकों से पटना में हो रही अनिश्चितकालीन आमरण अनशन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। मौके पर संघ के सचिव प्रकाश सिंह, राजेश कुमार, अंगद मंडल, दिलीप कुमार, रूवेश कुमार यादव,अनुज कुमार, आशा देवी, अजय कुमार, प्रवीण चौधरी, अमृतेश कुमार, मुकेश कुमार, दिलीप दास, धन्नजय रजक सहित काफी संख्या में नियोजित शिक्षक मौजूद थे।

UPTET news