संवाद सूत्र, संग्रामपुर (मुंगेर) : CWG 2022 बर्मिंघम में लॉन बाउल्स प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में भारत की पुरुष टीम ने रजत पदक (सिल्वर मेडल) पर कब्जा जमाया। लॉन बाउल्स में रजत पदक जीतने वाले भारतीय टीम में बिहार के चंदन सिंह भी थे। चंदन मुंगेर के संग्रामपुर प्रखंड की बलिया पंचायत स्थित सुपौर जमुआ गांव के रहने वाले हैं और वे मेडल के साथ शुक्रवार को घर लौटे।
उनकी घर वापसी पर प्रखंडवासी उत्साहित हो उठे। उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। भारत माता की जय, चक दे इंडिया, जय हो, जैसे तमाम नारों के साथ चंदन का स्वागत किया गया। प्रखंड में प्रवेश करते ही एसडीपीओ पंकज कुमार, अवर अनुमंडल पदाधिकारी तारापुर वसीम अकरम, बीडीओ, अजेश कुमार, थानाध्यक्ष रंजन कुमार, मुखिया सारिका सिंह, समाजसेवी ललन सिंह,जय प्रकाश सिंह सहित अन्य ने स्वागत किया।
सभी ने चंदन को मालाओं से लाद दिया। जिन्दाबाद के नारे लगाए। नवगांई स्थित माता पीडाहारी दुर्गा मंदिर में मत्था टेकने के बाद युवाओं ने चंदन का जोरदार स्वागत किया। वाहनों का काफिला चांदपुरा चौक पहुंचा तो विधायक राजीव कुमार सिंह ने बुके देकर व माला पहनाकर स्वागत किया। ढोल-नगाड़े घोड़े के साथ निकली स्वागत यात्रा में सुपौर, जमुआ गांव के साथ साथ संग्रामपुर, तारापुर के युवाओं में अलग से जोश दिखा। सुपौल जमुआ पहुंचने पर गांव में जगह-जगह महिला ने आरती उतारी।
पंचायत की मुखिया सारिका सिंह ने कहा का चंदन भारत को गौरवान्वित करने के साथ-साथ मुंगेर जिला व सुपौल जमुआ गांव का नाम देश भर में रोशन किया है। संग्रमापुर के लाल की जितनी भी प्रशंसा की जाए कम है। एसडीपीओ ने कहा कि लान फाल्स में रजत पदक जीतने पर भारत चौथे स्थान पर रही। चंदन ने सभी का सिर गर्व से ऊंचा किया है। उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं कि आने वाले दिनों में ओलंपिक में पदक जीतने की कामना की।
चंदन सिंह के बारे में
- मुंगेर के हवेली खड़गपुर के रहने वाले चंदन कुमार सिंह शारीरिक शिक्षक के रूप में मध्य विद्यालय, समदना हथिया में कार्यरत हैं।
- बर्मिंघम ( Birmingham) में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल प्रतियोगिता में वे दो इवेंट में प्रतिभाग करने पहुंचे। Men Triple और Men Fours में हिस्सा लेने गए थे।
- चंदन कुमार का जन्म 5 जून 1985 को हुआ।
- इससे पहले चंदन कुमार ने एशियन चैंपियनशिप 2017 में गोल्ड और सिल्वर मेडल जीता।
- एशियन चैंपियनशिप 2016 में गोल्ड, 2014 में सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
चंदन अबतक चार कामनवेल्थ गेम्स में शिरकत किया है। जिसमें स्काटलैंड,ओल्डकास्ट, दिल्ली व बर्मिंघम शामिल है। इसके अलावा एशियन गेम्स 2014 में रजत,2016 में स्वर्ण व 2017 में रजत व कांस्य पदक जीतने में सफल रहा। बर्मिंघम में रजत पदक जीतने पर चंदन के माता पिता,भाई, बहन के साथ-साथ ग्रामीण गौरवान्वित हैं।