निरीक्षण में पांच में से चार विद्यालय बंद मिले

जमुई। शैक्षणिक अंचल में संचालित प्रारंभिक विद्यालयों की हकीकत जानना चाहें तो आप सोनो के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रामाकांत साह से इस बाबत पूछिये। पहली बार उन्हें भी यकीन नहीं हुआ कि आखिर ऐसी स्थिति क्यों है? दरअसल शुक्रवार को प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने सारेबाद के आसपास अवस्थित कुल पांच विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया, वे चौंक गए।
पांच में से चार विद्यालय पूरी तरह बंद पाए गए। सवा दस बजे वे उत्क्रमित मध्य विद्यालय सबेजोर पहुंचे, विद्यालय बंद पाया गया। 11:20 बजे वे नवीन प्राथमिक विद्यालय, बाराटांड़ तूरी टोला पहुंचे। यहां भी विद्यालय बंद पाया गया। 12:45 बजे प्राथमिक विद्यालय, रेवाडीह भी बंद पाया गया। कुछ ऐसा ही हालत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, मोहनपुर का भी था। 02:10 बजे वहां पहुंचे बीईओ ने विद्यालय बंद पाया। ग्रामीणों से पूछताछ करने पर जानकारी मिली कि शिक्षक आए हुए थे लेकिन बच्चे नहीं आए, लिहाजा वे लोग चले गए। इन सबसे इतर उत्क्रमित मध्य विद्यालय, सारेबाद का प्रदर्शन अच्छा दिखा। बीईओ ने बताया कि उक्त विद्यालय का 10:30 बजे निरीक्षण किया गया। सभी शिक्षक उपस्थित थे। छात्रों की उपस्थिति 45 फीसदी दर्ज की गई। अब सवाल यह उठता है कि पांच में चार विद्यालय बंद पाए गए तो क्या इसी औसत से सोनो शैक्षणिक अंचल के विद्यालय बंद रहते हैं।
Sponsored link : सरकारी नौकरी - Army /Bank /CPSU /Defence /Faculty /Non-teaching /Police /PSC /Special recruitment drive /SSC /Stenographer /Teaching Jobs /Trainee / UPSC