बिहार के पौने तीन लाख शिक्षकों को पूजा के पहले वेतन

पटना। हिन्दुस्तान ब्यूरो राज्य के लगभग दो लाख 80 हजार नियोजित शिक्षकों को दुर्गापूजा के पहले तीन महीने का वेतन मिलेगा। जुलाई से सितम्बर तक के वेतन के लिए राज्य सरकार ने लगभग 13 अरब रुपए की निकासी की अनुमति दे दी। केन्द्र सरकार से सर्व शिक्षा अभियान का पैसा नहीं मिला है। लिहाजा राज्य सरकार ने केन्द्र का हिस्सा भी अपने पास से देने का फैसला किया है। इसी के साथ राज्यकर्मियों को छह प्रतिशत डीए देने की भी स्वीकृति मिल गई।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को हुई कैबिनेट की बैठक में इन दोनों प्रस्तावों पर मुहर लग गई। बैठक में कुल नौ प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। सर्व शिक्षा अभियान के तहत नियोजित श्क्षिकों को पैसे के अभाव में जुलाई से वेतन नहीं मिल रहा है। पहले केन्द्र सरकार 65 प्रतिशत पैसा देती थी और राज्य सरकार को 35 प्रतिशत राशि देनी पड़ती थी।
इस वर्ष केन्द्र ने अपनी हिस्सेदारी घटा दी है। अब इस मद में केन्द्र और राज्य दोनों को आधा-आधा पैसा देना होगा। लिहाजा राज्य सरकार ने दोनों के हिस्से का लगभग 12 अरब 98 करोड़ निकालने की स्वीकृति दे दी। लेकिन सरकार ने यह भी साफ कर दिया है कि हर हाल में इस पैसे का उपयोग वेतन देने के लिए ही करना होगा।
एक अन्य प्रस्ताव में सरकार ने राज्य कर्मियों को छह प्रतिशत डीए देने की अनुमति दी है। केन्द्र द्वारा डीए बढ़ाने के साथ ही राज्य सरकार ने भी अपने कर्मियों का डीए बढ़ा दिया था। लिहाजा यह पैसा कर्मियों को पहले से ही मिल रहा है, लेकिन कैबिनेट की मंजूरी नहीं मिली थी। शनिवार को कैबिनेट ने इस पर भी मुहर लगा दी। अब कर्मियों को 113 की जगह 119 प्रतिशत डीए मिलेगा। इसका लाभ अवकाश प्राप्त कर्मियों को भी मिलेगा।

सरकारी नौकरी - Army /Bank /CPSU /Defence /Faculty /Non-teaching /Police /PSC /Special recruitment drive /SSC /Stenographer /Teaching Jobs /Trainee / UPSC